जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है मोदी सरकारः भूपेंद्र यादव

29HNAT40 जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है मोदी सरकारः भूपेंद्र यादव

– मीडिया संवाद में केन्द्रीय मंत्री यादव ने रखीं मोदी सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियां

भोपाल, 29 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि 2014 से पहले देश में जो सरकार थी, उसमें सत्ता के ऐसे केंद्र बन गए थे, जो संविधानेत्तर थे और उनकी देश के संविधान के प्रति कोई जवाबदेही नहीं थी। देश पॉलिसी पैरालिसिस का शिकार था। अर्थव्यवस्था ढेर हो रही थी और भ्रष्टाचार की स्थिति यह थी कि सरकार के मंत्री ही जेल चले जाते थे। वर्ष 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आई नई सरकार ने नौ वर्षों में अपने कामकाज से जनता के भरोसे को सही साबित किया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम और रोजगार मंत्री यादव सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर सभागार में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।

लक्षित नीतियां, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ

इस मौके पर भूपेन्द्र यादव ने कहा कि बीते नौ वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार अगर देश में बड़े बदलाव ला सकी है, तो उसका आधार है टारगेटेड डिलीवरी और लॉस्ट माइल डिलीवरी। यही मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां भी हैं। मोदी सरकार ने हर काम की समय सीमा तय की और हर योजना का 100 प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके, यह सुनिश्चित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2014 में शपथ लेते समय कहा था कि मेरी सरकार, गरीबों की सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आधुनिक टेक्नोलॉजी, अपने विजन और कार्यक्षमता के आधार पर हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। कोरोना संकट में रिकॉर्ड समय में कोरोना की वैक्सीन बनाई और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई। केन्द्र सरकार ने 3.5 करोड़ से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिये गए। देश में 11.72 करोड़ इज्जत घरों का निर्माण किया गया है। 12 करोड़ घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंच रहा है और उज्जवला योजना में 9.6 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन देकर महिलाओं के जीवन को आसान बनाया है। कोविड संकट में मोदी सरकार ने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन और आयुष्मान योजना में प्रत्येक गरीब व्यक्ति को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

तुष्टिकरण नहीं, सशक्तिकरण पर विश्वास करती है मोदी सरकार

केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि मोदी सरकार के लिए सामाजिक न्याय का आशय किसी का तुष्टिकरण नहीं है, बल्कि वह पिछड़ों के सशक्तिकरण पर विश्वास करती है। वोट बैंक की राजनीति को नकारते हुए मोदी सरकार ने उच्च शिक्षा में सामान्य वर्ग के कमजोर आय वर्ग के छात्र-छात्राओं को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। कांग्रेस की सरकारों ने काका कालेकर कमीशन और फिर मंडल कमीशन की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डाले रखा। मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। सरकार ने दिव्यांगों की कैटेगरी को 7 से बढ़ाकर 21 किया और सीमांत किसानों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की किसान सम्मान निधि देना शुरू किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर वर्ष 2014 के पहले तक अधोसंरचना के विकास के जितने काम नहीं हुए थे, उससे कहीं ज्यादा विकास कार्य मोदी सरकार के नौ वर्षों में हुए हैं।

अविस्मरणीय हैं मोदी सरकार के 9 साल

यादव ने कहा कि मोदी सरकार के 9 सालों में देश में अर्थव्यवस्था को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया और आज देश में एक डिजिटल क्रांति आई हुई है। देश का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर है और भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारत ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 45वें स्थान पर है और देश में 100 से अधिक यूनिकॉर्न हैं। देश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर की 500 साल पुरानी समस्या को न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाया है, तो वहीं बुद्धा सर्किट, महाकाल महालोक, सोमनाथ, करतारपुर साहिब कॉरिडोर, केदारनाथ धाम आदि के विकास से देश के धार्मिक, सांस्कृतिक वैभव को नई ऊंचाइयां दी हैं। एक देश में दो निशान-दो विधान की बिडंबना से मुक्ति के लिए मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया। रक्षा उत्पादन में देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। देश की जैव विविधता को समृद्ध करने के लिए प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत की गई है। भारत जी-20 के अध्यक्ष के रूप में उन देशों का नेतृत्व कर रहा है, जिन देशों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने कहा कि बीते 9 सालों में मोदी सरकार ने अविस्मरणीय काम किए हैं और सरकार की घरेलू नीतियों की वजह से सारी दुनिया में देश की साख तथा भारत और प्रधानमंत्री मोदी जी का मान-सम्मान बढ़ा है।