बढ़ रहा सपा का जनाधार, मजबूती से चुनाव लड़ेगी : शंभू प्रसाद पोखरियाल

28HREG116 बढ़ रहा सपा का जनाधार, मजबूती से चुनाव लड़ेगी : शंभू प्रसाद पोखरियाल

हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश संगठन पूरी तरह से तैयार है। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पूरी मजबूती से प्रदेश की सभी पांचों लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का हरिद्वार पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बिना सरकार नहीं बनेगी।

पोखरियाल यहां प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा को मजबूत किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की प्रदेश के सभी 13 जनपदों में संगठन को सक्रिय किया जा चुका है। सभी जनपदों में जिला अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति हो चुकी है। साथ ही जिला कार्यकारिणी गठित की जा रही है।

उन्होंने प्रदेश भाजपा सरकार पर जनता की उम्मीदों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए की इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। इसका प्रमाण है कि हर भर्ती परीक्षा से पहले पेपर आउट हो जाता हैं। भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा हमेशा भावनाओं से खेलती है।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पाराशर ने कहा कि सपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। भाजपा की नीतियों को समझ चुकी हैं। कहा कि पार्टी पूरी तरह से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। आरोप लगाया कि सरकार की नाक के नीचे लगातार अवैध खनन जारी है, लेकिन सरकार अंजान बनी हुई हैं।

वार्ता के दौरान प्रदेश सचिव महंत शुभम गिरी, समीर आलम, जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी सहित अन्य मौजूद रहे।