07HREG82 राज्यपाल से डॉ. के. लक्ष्मी राव ने की भेंट
देहरादून, 07 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से रविवार को राजभवन में नवनियुक्त राज्यपाल सलाहकार (मौन पालन) डॉ. के. लक्ष्मी राव ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि डॉ. लक्ष्मी राव के मौन पालन के क्षेत्र में किए गए शोध और अनुभवों का लाभ उत्तराखंड को अवश्य ही मिलेगा। उत्तराखंड में मौन पालन की असीमित संभावनाएं हैं। इस व्यवसाय में एक नयी क्रांति लाई जा सकती है। मौन-पालन उत्तराखंड की आर्थिक समृद्धि का आधार बन सकता है, इसके लिए सुनियोजित योजना बनाने की जरूरत है।
डॉ.लक्ष्मी राव पूर्व में केंद्रीय मौन पालन अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (सीबीआरटीआई) पुणे में सहायक निदेशक रही हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से भारतीय शहद के पैलिनोलॉजिकल विश्लेषण पर पीएचडी की है। उन्हें मौन पालन के क्षेत्र में 30 वर्षों के शोध का अनुभव है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में उनके 60 से अधिक रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने परियोजना अन्वेषक के रूप में भी कई अनुसंधान और विकास परियोजनाओं को सफलतापूर्वक संभाला था।