गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने डोर-टू-डोर जाकर नगर वासियों की सुनीं समस्याएं

07HREG206 गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने डोर-टू-डोर जाकर नगर वासियों की सुनीं समस्याएं

दतिया, 7 मई (हि.स.)। प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दो दिवसीय दतिया प्रवास के दूसरे दिन रविवार को नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 6 और 8 का भ्रमण कर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री डॉ. मिश्र ने डोर-टू-डोर जारकर वार्डवासियों से शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की और उनका कुशलक्षेम भी पूछा।

दतिया में 5 करोड़ की लागत के सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र रविवार को दतिया में लगभग 5 करोड़ की लागत से बनने वाले बड़े फुब्बारे से ग्वालियर एनएच हाईवे तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दतिया का विस्तार होने के कारण सभी क्षेत्रों में चहुमुखी विकास हुआ है। जिले में सड़कों का जाल बिछने के कारण आज दतिया के किसी भी कोने से अन्य स्थान तक आसानी से आना-जाना हो सकता है।

गृह मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि दतिया में 15 वर्ष पहले एक भी फोरलेन सड़क नहीं थी। लेकिन आज सड़कों के मामले में दतिया में जाल बिछा हुआ है। जिससे एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में आने एवं जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंड़ी से सीधा हाईवे पर वाहनों को आते-जाते देखा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि दतिया में स्थित वीर सिंह जूदेव पैलेस पर रात्रि में जगमगाने वाली रंग-बिरंगी लाईट, नौनेर में स्थित बेटनरी कॉलेज पर आसानी से देखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उनाव सूर्य मंदिर वायपास लगभग 50 करोड़ की लागत का सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसके साथ इन्दरगढ़ से समथर सड़क का निर्माण कार्य भी 32 करोड़ की लागत से किया जायेगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सैना, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।