09HREG99 देवलधार-ग्वाड मोटर मार्ग के निर्माण पर रोक लगाने की मांग
गोपेश्वर, 09 मई (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के निकटवर्ती गांव देवलधार और क्यार्की की महिलाओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंप कर देवलधार-ग्वाड़ निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क के मलबा के कारण उनके गांव को खतरा पैदा हो रहा है। पहले इसका निस्तारण किया जाए।
क्यार्की की महिला मंगल दल अध्यक्ष पूजा देवी, सुनीता देवी, सतेश्वरी देवी, कुसुम देवी, मुन्नी देवी का कहना है कि देवलधार से ग्वाड को जाने वाले मोटर मार्ग निर्माण से पहले क्यार्की और देवलधार के लोगों की सहमति नहीं ली गई और बिना सहमति के मोटर मार्ग के निर्माण के चलते सड़क कटिंग के मलबा के साथ ही भूधंसाव के चलते उनके गांवों को खतरा पैदा हो गया है। पूर्व में भी जिलाधिकारी को सड़क निर्माण का कार्य करने की मांग की गई थी जिस पर कार्य रोका गया था, लेकिन एक बार फिर से निर्माण कार्य शुरू हो गया है जबकि ग्रामीणों की मांग थी कि पहले उनके गांव को होने वाले खतरे की रोकथाम की जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी के मांग की है कि पहले सड़क कार्य का मौका मुआयना किया जाय और ग्रामीणों की समस्या के समाधान के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
इस मौके पर कमला देवी, अनिता देवी, संगीता देवी, सुलोचना देवी आदि शामिल थे।