20HREG248 अपडेट…मुख्य सचिव ने लिया केदारनाथ धाम में द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा
-श्रमिकों से बातचीत कर की हौसला अफजाई
-निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
-तीर्थ पुरोहितों के भवन का कार्य तेजी से किया जाए : डॉ. संधू
रुद्रप्रयाग, 20 मई (हि.स.)। मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में चल रहे द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान सीएस ने श्रमिकों से भी बातचीत की और उनका हौसला अफजाई की।
शनिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद सीएस ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी और अधीक्षण अभियंता लोनिवि को निर्देश दिए कि केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्यदायी संस्थाओं में निर्माण सामग्री की उपलब्धता निरंतर बनी रहनी चाहिए, ताकि निर्माण कार्यों में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। उन्होंने अधीक्षण अभियंता लोनिवि को यह भी कहा कि चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से जो आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जानी है, उसे प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों को त्वरित गति से करने के लिए श्रमिकों की संख्या को बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों के लिए बनाए जा रहे आवासों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए सीएस ने कहा कि पुरोहितों के बनाये जा रहे भवनों का कार्य तेजी से किया जाना जरूरी है। भवनों के बिना जहां तीर्थ पुरोहितों को समस्या हो रही है, वहीं देश-विदेश से यात्रा पर आये श्रद्धालुओं को भी समस्या से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के समीप चल रहे निर्माणाधीन कार्य से यात्रियों को आवागमन में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में यात्रा मार्ग को डायवर्ट किया जाए। इससे बिना किसी रुकावट के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण किया जा सकेगा। साथ ही तीर्थयात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी।
मुख्य सचिव संधू ने इस अवसर पर श्रमिकों से भी बातचीत भी की और उनका हौसला अफजाई किया। उन्हाेंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि केदारनाथ धाम में श्रमिक विषम कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं और श्रमिकों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो तथा उनके रहने, खाने व स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य सचिव को केदारनाथ धाम में चले रहे निर्माण कार्यों की जानकारी दी। निर्माण कार्यों का जायजा लेने से पूर्व मुख्य सचिव ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली, प्रगति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे, अधीक्षण अभियंता लोनिवि राजेश शर्मा, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, गावर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिरुद्ध काला एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद थे।