28HREG158 शाजापुर: श्योपुर से इंदौर जा रही बस नेशनल हाइवे पर ट्रक से टकराई, कई यात्री घायल
शाजापुर, 28 मई (हि.स.)। मप्र के शाजापुर में रविवार तड़के नेशनल हाइवे पर एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। श्योपुर से इंदौर जा रही बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में करीब 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा ही है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार यात्री स्लीपर कोच बस श्योपुर से इंदौर जा रही थी। इस दौरान रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर आगे चल रही ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त अधिकतर यात्री सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ झटका लगने से सभी घबरा गए। नींद खुलते ही हादसे के बारे में पता चला। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल हंड्रेड एफआरबी और टोल प्लाजा की टीम मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार बस तेज रफ्तार थी और संभवत: चालक को नींद का झोंका आने से वह आगे चल रही ट्रक से जा टकराई। हालांकि ट्रक में सवार कंडक्टर लाखन सिंह का कहना है कि बस के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसके कारण बस ट्रक से टकरा गई और यह हादसा हुआ। फिलहाल घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।