11HREG269 मप्रः मुख्यमंत्री ने मंदसौर के ग्राम जवानपुरा में दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना का किया भूमि-पूजन
– 2374 करोड़ की लागत से गांधी सागर जलाशय पर निर्मित होगी परियोजना
– 252 ग्रामों की 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
– मुख्यमंत्री ने चंबल नदी की पूजा-अर्चना कर ओढ़ाई चुनरी
भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मंदसौर जिले के ग्राम जवानपुरा में 2374 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली कयामपुर-सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने चंबल नदी, गांधी सागर जलाशय पर निर्मित होने वाली सिंचाई परियोजना का गेंती चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने चंबल नदी की पूजा-अर्चना कर चुनरी भी ओढ़ाई।
मंदसौर जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सीतामऊ तहसील के ग्राम जवानपुरा की इस सिंचाई परियोजना से जिले के 252 ग्रामों की 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इससे क्षेत्र के 1 लाख 49 हजार 300 किसान हितग्राही लाभान्वित होंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा मंदसौर जिले के प्रभारी मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।