20HCRI28 एक्सप्रेस-वे पर खड़ी बस में दूसरी बस ने मारी टक्कर, एक की मौत, 13 घायल
मथुरा, 20 मई(हि.स.)। थाना नौहझील क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 69 पर शनिवार को दो बसों की टक्कर हो गई। आगरा से नोएडा की तरफ जा रही एक बस ने सड़क किनारे खड़ी बस में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई तथा 13 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही नौहझील पुलिस और एसपी देहात मौके पर पहुंचें और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
दरअसल, शनिवार सुबह बनारस से दिल्ली जा रही बस संख्या यूपी-81 सीटी 8892 थाना नौहझील क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 69 पर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान गोंडा से दिल्ली जा रही बस संख्या यूपी-22 एटी 3152 ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बसों में सवार 100 यात्रियों में से 14 घायल हो गए, जिनमें मृत भी शामिल है।
घायलों में अभिषेक श्रीवास्तव पुत्र मनोज कुमार श्रीवास्तव, रूपेश पुत्र रामनिवास, अनामिका चौबे पत्नी प्रितेश रंजन, हरी पुत्र सुन्दर, अजीत पुत्र रोशन सिंह कनैक्टर, मौ. आमान पुत्र रहमान, संदीप शर्मा पुत्र रमेश चन्द शर्मा, श्रयांश पुत्र संग्राम मिश्रा, प्रिया पुत्री श्यामसुन्दर, अभिजीत पुत्र एसपी सिंह, रामसंजीवन पुत्र छोटे लाल, सुशील कुमार पुत्र मुचकुन्द लाल, सुनील कुमार पुत्र जगदीश सिंह है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में मृतक हुए व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी।
हादसे की जानकारी मिलते ही नौहझील पुलिस और एक्सप्रेस-वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने बसों में फंसें घायलों को निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
मौके पर पहुंचे एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मृतक व्यक्ति की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, वहीं, इस हादसे से यमुना एक्सप्रेस-वे पर आवागमन बाधित न हो, इसके लिए क्रेन के सहारे दोनों बस को सड़क से किनारे खड़ा कर दिया गया है।