30HREG112 आंदोलनरत डिप्लोमा इंजीनियरों की मांगों पर कार्रवाई हो : करन माहरा
देहरादून, 30 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से राज्य के विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इन्जीनियरों की मांगों पर कार्रवाई करने को कहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करना माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मंगलवार को पत्र लिखकर आन्दोलनरत डिप्लोमा इंजीनियरों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने कहा है कि उत्तराखण्ड राज्य के विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इन्जीनियर्स विगत कई दिनों से अपने न्यायोचित मांगों को लेकर आन्दोलनरत हैं। उन्होंने कहा है कि डिप्लोमा इन्जीनियरों की हड़ताल के कारण राज्यभर में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने को है, ऐसे समय में कुछ महत्वपूर्ण विभागों के निर्माण कार्यों में रुकावट परेशानी का सबब बन सकती है, जिसका खामियाजा प्रदेश की आम जनता को भुगतना पडे़गा।
माहरा ने कहा कि डिप्लोमा इन्जीनियरों ने अपनी न्यायोचित मांग में कनिष्ठ अभियंता सेवा नियमावली में पदोन्नति की पात्रता के अनुसार तीन पदोन्नति या पदोन्नत वेतनमान अनिवार्य रूप से स्वीकृत किये जाने की बात कही गई है। मांग पत्र में कनिष्ठ अभियंता को 10 वर्ष की सेवा के उपरान्त 5400 ग्रेड वेतन अनुमन्य दिया जाना और अपर सहायक अभियंताओं की वेतन विसंगति दूर किये जाने किये जाने की मांग शामिल है। मांग पत्र में जल संस्थान एवं पेयजल निगम का राजकीयकरण के साथ एकीकरण किये जाने और सभी तकनीकी विभागों के लिए समान सेवा नियमावली लागू किये जाने जैसी न्यायोचित मांगों पर विचार करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि डिप्लोमा इन्जीनियर अपनी मांगों को लेकर लम्बा आन्दोलन चलाने जैसा कदम उठाते हैं तो इससे न केवल विभिन्न विभागों के निर्माण कार्य प्रभावित होंगे अपितु आमजन की बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होंगी।
माहरा ने मुख्यमंत्री से कहा है कि व्यापक जनहित को मद्देनजर रखते हुए विभिन्न विभागों में कार्यरत डिप्लोमा इन्जीनियरों की न्यायोचित मांगों के शीघ्र निस्तारण को कार्रवाई की जानी चाहिए।