07HNAT10 गिरफ्तार समर सिंह ट्रांजिट रिमांड के लिए गाजियाबाद कोर्ट में पेश
– रिमांड स्वीकृत होने के बाद ले जाया जाएगा वाराणसी
– भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का है आरोप
गाजियाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नंदग्राम थाना इलाके में राज नगर एक्सटेंशन इलाके की हाई राइज कॉलोनी से गिरफ्तार किया है। उस पर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
पुलिस उपायुक्त सिटी विपुल अग्रवाल के मुताबिक गिरफ्तार समर सिंह को ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जा रहा है। ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत होने के बाद वाराणसी पुलिस उसे अपने साथ ले जाएगी
समर सिंह नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी में छिपा था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड में लगातार ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।
गौरतलब है कि 26 मार्च को आकांक्षा सारनाथ क्षेत्र के बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरा नंबर 105 में मृत मिली थी। वह अपने बेड पर बैठी हुई थी और उसके गले पर पंखे के हुक के सहारे दुपट्टे का फंदा था। इसके बाद आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि समर चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ ही फिल्म और गाने में काम करे। काम करने पर वह पैसे भी नहीं देता था। किसी और के साथ काम करने जाती थी तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और मारता-पीटता था।
आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर प्रताड़ित करने समेत अन्य आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। समर सिंह मूलरूप से आजमगढ़ के मेंहनगर का रहने वाला है। आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से वो फरार था। उसी समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।