यूजेवीएन टीम ने ट्रैकिंग कर केदारकांठा चोटी किया आरोहण

08HREG335 यूजेवीएन टीम ने ट्रैकिंग कर केदारकांठा चोटी किया आरोहण

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.) यूजेवीएन लिमिटेड के कार्मिकों की खेल और अन्य संबंधित गतिविधियों के अंतर्गत टीम जनपद उत्तरकाशी में स्थित केदारकांठा चोटी तक ट्रैकिंग कर सफलतापूर्वक आरोहण किया। इसके लिए निगम के प्रबंध निदेशक ने टीम को बधाई दी है।

निगम के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल केदारकांठा आरोहण करने वाली टीम में हर आयु वर्ग के कार्मिकों को शामिल किया गया था। जो तय समय में सफलतापूर्वक केदारकांठा आरोहण कर न सिर्फ यूजेवीएन लिमिटेड बल्कि अन्य विभागों के कार्मिकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने।

प्रबंध निदेशक संदीप ने बताया कि पर्यटन, खेल एवं साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्तराखंड राज्य की एक अलग पहचान रही है। इन गतिविधियों में प्रतिभाग से निगम कार्मिक शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ होंगे। जिससे उनकी कार्यक्षमता में निश्चित ही बढ़ोतरी होगी।

केदारकांठा आरोहण के इस अभियान में यूजेवीएन लिमिटेड के विमल डबराल,जी.बी. थपलियाल, डी.एस.नेगी, लविश सैनी, सोहनलाल शर्मा,जयवीर तड़ियाल, प्रशांत बिष्ट, सुशील नेगी, हिमांशु तिवारी शामिल रहे।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी विमल डबराल ने बताया कि यूजेवीएन लिमिटेड के बैनर तले गई टीम के सदस्यों ने केदारकांठा चोटी पर पहुंचकर राष्ट्रीय झंडा तिरंगा भी फहराया। 12500 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारकांठा चोटी और ट्रैक उत्तराखंड आनेवाले साहसिक खेलों के शौकीन सैलानियों के पसंदीदा स्थलों में से एक है। केदारकांठा बेस कैंप के बाद की अंतिम 4 किलोमीटर की चढ़ाई रोमांचकारी होने के साथ ही कठिन एवं चुनौतीपूर्ण भी है। यह मार्ग खड़ी चढ़ाई वाला एवं पूर्ण रूप से हिमाच्छादित है।

निगम की टीम का इस प्रकार का यह पहला प्रयास था जोकि सफल रहा। टीम का उद्देश्य आमजन में राज्य के प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता फैलाने का है। साथ ही खेल और साहसिक गतिविधियों में प्रतिभाग के लिए प्रोत्साहित करना।