मुंबई अग्निकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

14HREG190 मुंबई अग्निकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गोपेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के फायर स्टेशन कार्यालय में शुक्रवार को मुंबई अग्निकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

उल्लेखनीय है कि साल 1944 में मुंबई के बंदरगाह पर खड़े इंग्लैंड के फोर्ट स्ट्रिकेन नामक 9 हजार टन वाले जहाज में भीषण अग्नि दुर्घटना घटित हुई थी, जिसमें 66 फायर सर्विस कर्मी शहीद हो गये थे।

पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करने से पहले शहीदों के प्रतीक चिन्ह पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन धारण किया गया। एसपी ने कहा कि हम सभी साहसिक कार्य करने वाले एवं अपने कर्तव्य की बलिवेदी पर सहर्ष बलिदान करने वाले अग्निशमन कर्मियों के प्रति अपनी भावना व्यक्त करते है। हमें उनकी सेवा भावना के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। एसपी ने अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अग्नि सुरक्षा सप्ताह के संबंध में प्रचार-प्रसार करने के लिए रवाना किया।