16HREG121 स्ट्रीट वेंडर्स को फेरी समिति में 7 प्रस्तावों पर बनी सहमति
हरिद्वार,16 अप्रैल (हि. स.)। उत्तराखंड शासन नगरीय फेरी नीति नियमावली के प्रकाश में नगर निगम में फेरी समिति की बैठक में स्ट्रीट वेंडर के लिए नए वेंडिंग जोन चिन्हित करने के साथ सात प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक नगर आयुक्त और फेरी समिति प्रभारी श्याम सुंदर प्रसाद ने की। इसमें सात प्रस्ताव सहित अन्य विषय कर अधीक्षक सुनीता सक्सेना ने प्रस्तुत किए।
बैठक में रेड़ी पटरी (स्ट्रीट वेंडर्स) लघु व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करते हुए लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने पंतदीप पार्किंग, सती कुंड, न्यू सब्जी मंडी, ज्वालापुर, ईदगाह रोड, कनखल, दक्ष मंदिर, श्री यंत्र मंदिर, बंगाली मोड़, आर्य नगर से सिंहद्वार मार्ग, तिगड़ी मार्ग, भीमगोड़ा खड़खड़ी, बैरागी कैंप इत्यादि क्षेत्रों में नए वेंडिंग जोन चिन्हित करने और फुटकर फ्रूट सब्जी चलती फिरती ठेली क लघु व्यापारियों को नगर निगम द्वारा लाइसेंस बिक्री प्रमाण पत्र दिए जाने की मांग को प्रमुखता से दोहराया। बैठक में सभी 7 बिंदुओं पर सहमति बनी।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद ने कहा कि तीसरे चरण में सेक्टर-2 बैरियर से भगत सिंह चौक तक बनाए जाने वाले वेंडिंग जोन के लाभार्थियों की सूची सत्यापित की जा चुकी है। ढाई सौ रेड़ी पटरीलघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में समाहित किए जाने की प्रक्रिया गतिमान है। ज्वालापुर पुल जटवाड़ा पर अभी 21 स्थानीय रेड़ी पटरी के लघु व्यापारियों को लाभार्थी बनाया गया है। अगले चरण में ज्वालापुर पुल जटवाड़ा नहर पटरी के समीप 80 रेडी पटरी के लघु व्यापारियों को लाभार्थी बनाए जाने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
बैठक का संचालन वेदपाल सिंह ने किया। बैठक में सिटी मेंशन मैनेजर अंकित सिंह रमोला, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण व लीड बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि सहित स्ट्रीट वेंडर संगठनों से सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, कमल कुमार, मनोज सिरोही, विमल वर्षीय, मोनू तोमर, जय भगवान सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल रहे।