सद्भावना से ही राष्ट्र मजबूत होगा : सतपाल महाराज

14HREG396 सद्भावना से ही राष्ट्र मजबूत होगा : सतपाल महाराज

हरिद्वार, 14 अप्रैल (हि.स.)। ऋषिकुल मैदान में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित सद्भावना सम्मेलन के दूसरे दिन भक्त समुदाय को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार हरि का द्वार है, गंगा का द्वार है, गंगा स्वर्ग की धारा थी।भगीरथ ने कर्म किया और स्वर्ग की धारा को धरती पर उतार दिया। ऐसे ही हम भी कर्म करेंगे तो स्वर्ग को धरती पर उतार सकते हैं। उन्होंने कहा कि गंगा किसी से भेदभाव नहीं करती, सबकी प्यास बुझाती है, गंगा सदभावना का संदेश देती है, देश में सद्भावना फैलेगी तो देश मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि वैशाखी पर्व पर हम अध्यात्म को समझें, विवेकानंद जी जब स्वामी रामकृष्ण परमहंस के पास गए और उनसे पूछा कि क्या आपने परमात्मा को देखा? तो स्वामी रामकृष्ण परमहंस कहते हैं, जैसे में तुम्हें देख रहा हूं ऐसे ही मैंने परमात्मा को देखा है, उतनी स्पष्टता से मैंने उसका अनुभव किया है और मैं तुम्हें भी अनुभव करा सकता हूं। महाराज ने कहा कि महापुरुष यही कहते हैं कि मैं अनुभव करा सकता हूं, उस अनुभव के लिए हम तत्वदर्शी महापुरुष के पास जाते हैं, उनकी सेवा द्वारा प्रसन्न करके आत्मज्ञान की दीक्षा लेकर अपना कल्याण करते हैं।

उन्होंने कहा हम सब मिलकर चलेंगे तो अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे और अपने देश को विश्वगुरु बनाएंगे, यह सब एकता और सद्भावना से ही संभव है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में बाल कलाकारों द्वारा तेलगु भाषा में प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। मंच संचालन महात्मा हरिसंतोषानंद जी ने किया।