07HSPO13 देहरादून में 8 और 9 को टाटा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन
देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। टाटा आईपीएल फैन पार्क का देहरादून के परेड मैदान में 08-09 अप्रैल को आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान फैंस एक जगह मिलकर बड़ी स्क्रीन पर आईपीएल मैच का आनंद उठा सकेंगे। इस बार देहरादून सहित कुल 45 शहरों में फैन पार्क लगाया जा रहा है। इसमें क्रिकेट खेल प्रेमियों को नि:शुल्क प्रवेश है।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रवक्ता विजय प्रताप मल्ल और संयुक्त सचिव सुरेश सौम्या बीसीसीआई क्रिकेट आपरेशन के मैनेजर अमित सिदेश्वर ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस दौरान बताया कि बीसीसीआई की ओर से टाटा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मैच दिखाए जाएंगे। देहरादून के परेड मैदान में टाटा आईपीएल फैन पार्क लगाया जाएगा। इस दौरान एक प्रतियोगिता भी रखी जा रही है, जो प्रतियोगिता को जीतेगा उसे आईपीएल फाइनल मैच का टिकट उपलब्ध कराया जाएगा।
अमित सिदेश्वर ने बताया कि बीसीसीआई के सौजन्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों में क्रिकेट को पहुंचाना है। जो स्टेडियम नहीं जा पातें हैं उनको क्रिकेट जैसा माहौल देने का प्रयास है।