जबलपुर-इटारसी रेल लाइन पर नरवाई की आग में जली सिग्नल की केबल, कई ट्रेनें हुई प्रभावित

11HREG367 जबलपुर-इटारसी रेल लाइन पर नरवाई की आग में जली सिग्नल की केबल, कई ट्रेनें हुई प्रभावित

नर्मदापुरम, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले में इटारसी- जबलपुर रेलखंड के गुर्रा-इटारसी स्टेशन के बीच सोमवार की रात नरवाई की आग से ट्रैक किनारे बिछाई गई सिग्नल की केबल जल गई, जिससे करीब पांच घंटे तक सिग्नल प्रणाली ठप रही। इस कारण जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों को एडवांस सिग्नल और अथारिटी देकर रवाना किया गया, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मंगलवार सुबह सिग्नल विभाग के अमले ने केबल को बदला, तब कहीं जाकर रेल यातायात सुचारू हो सका।

जानकारी के अनुसार, गुर्रा-इटारसी स्टेशन के बीच फसल कटने के बाद किसान खेतों की नरवाई को नष्ट करने के लिए सोमवार की किसी किसान ने उसमें आग लगा दी। तेज हवा के चलते आग बेकाबू हो गई और रेलवे ट्रैक के करीब पहुंच गई, जिससे ट्रैक किनारे बिछाई गई सिग्नल की केबल जल गई। इस कारण रात करीब 2:35 बजे इस सेक्शन में सिग्नल प्रणाली ठप हो गई। इसके बाद इटारसी से जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। रेलवे ने एडवांस सिग्नल और टीबीएस के बीच अथारिटी देकर रात 2:35 से सुबह 7:30 बजे तक करीब दस एक्सप्रेस एवं स्पेशल ट्रेनों को बमुश्किल रवाना किया। एक मालगाड़ी को करीब तीन घंटे इटारसी में रोकना पड़ा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में दोषियों का पता लगाना मुश्किल है। इस वजह से किसी तरह का आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है।