14HREG217 जल्द ही सेरा मालकोटी गांव सड़क मार्ग से जुड़ पायेगा
गोपेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो जल्द ही चमोली जिले के पोखरी विकास खंड का सेरा मालकोटी गांव सड़क मार्ग से जुड़ जायेगा। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी संतोष कुमार पांडे ने विभागीय अधिकारियों के साथ गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर भूमि विवाद के मामले को सुलझा दिया है।
सेरा मालकोटी गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए रौता से पांच किलोमीटर सड़क मार्ग शासन से स्वीकृत हुआ है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग पोखरी को सौंपी गई है, लेकिन गांव के ही कुछ परिवारों की ओर से सड़क अपने खेतों से न ले जाने की बात कही जा रही थी, जिससे सड़क निर्माण का कार्य आरंभ नहीं हो पा रहा था। उपजिलाधिकारी ने इस बात का संज्ञान लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ सेरा मालकोटी गांव पहुंचकर ग्रामीणों को मनाया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी यदि कोई विवाद करता है तो फिर सरकारी रूप से भूमि अधिगृहित की जायेगी और सरकार की ओर से निर्धारित मूल्य भूमि स्वामी को स्वीकारना होगा।