07HREG205 ऋषिकेश को मिली एफएम रेडियो स्टेशन की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष ने किया लोकार्पण
ऋषिकेश, 07 अप्रैल (हि.स.)। ऋषिकेश वासियों को पहले एफएम रेडियो की सौगात मिल गई है। ढालवाला के भारतीय ग्रामोत्थान संस्था से प्रसारण होने वाले पहले एफएम चैनल रेडियो ऋषिकेश 90 एफएम का शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह रेडियो स्टेशन अपने कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाएगा और लोगों के दुख, दर्द के साथ ही समस्याओं को उजागर भी करेगा। उन्होंने कहा कि संचार क्रांति के दौर में अब भले ही मनोरंजन के बहुत सारे साधन उपलब्ध हैं, लेकिन रेडियो की जगह कोई नहीं ले पाया है। मोबाइल फोन पर रेडियो सुनने की सुविधा उपलब्ध होने से श्रोताओं की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इसकी पहुंच गांव-गांव, घर-घर तक है। तभी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने मन की बात के लिए रेडियो का सहारा लेते हैं।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने भारतीय ग्रामोत्थान संस्था का स्थलीय निरीक्षण कर वहां बन रहे घरेलू उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामोत्थान संस्था की सराहना करते हुए कहा की भारतीय ग्रामोत्थान संस्था महिलाओं को रोजगार देने के साथ-साथ पहाड़ी उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी कर रही है। संस्था द्वारा तैयार किए गए तरह-तरह के उत्पाद बाजार में अपनी खास पहचान बना रहे हैं। उच्च गुणवत्ता वाले इन उत्पादों की मांग देश के विभिन्न प्रदेशों के साथ ही विदेशों में भी बढ़ रही है।