18HREG258 जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर), 18 अप्रैल (हि.स.)। मंगलवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में मिड डे मील, आदर्श ग्राम योजना ,अमृत योजना, पीएम आवास योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री फसल योजना सहित अनेक योजनाओं पर गहनता से समीक्षा की गई।
मंगलवार को बैठक की अध्यक्षता करते हुए रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को मिले। उन्होंने सड़क और विभिन्न निर्माण योजनाएं समयबद्धता और गुणवत्ता से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति से जनता को समय से लाभ मिल सके।
बैठक में काशीपुर के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने ऑवर ब्रिज निर्माण कार्य में देरी होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए विभिन्न समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। इस पर रक्षा राज्यमंत्री भट्ट ने एन एच के अधिशासी अभियंता को स्थानीय विधायक, उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक के साथ निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का संयुक्त निरीक्षण करने, रोड और निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, पूर्व में निर्धारित कार्य पूर्ण होने की अवधि, वर्तमान में बढ़ाई गई अवधि, ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट एवं टर्मिनेशन करने, अभी तक कार्य पूर्ण न कर पाने में आ रही अड़चनों आदि सहित विभिन्न बिन्दुओं पर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने रामपुर-काठगोदाम तथा रुद्रपुर बाइपास निर्माण कार्य को शीघ्रता से शुरू कराने के निर्देश परियोजना निदेशक एनएच को दिये।
विधायक शिव अरोरा ने जल कनेक्शन संयोजन राशि नगर निगम के वहन किये जाने की स्वीकृति के साथ ही अमृत योजनान्तर्गत लगभग 18 माह पूर्ण होने के बावजूद जनता को जल कनैक्शन न मिलने की शिकायत की।
इस पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री भट्ट ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए पेयजल निगम तथा जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिये कि नगर निगम के साथ आपसी तालमेल से कार्य करते हुए जनता को पेयजल कनैक्शन शीघ्रता से देना सुनिश्चित करें। उन्होंने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत चल रहे निर्माण कार्यों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता से पूर्ण करने के निर्देश जल निगम के अभियंताओं को दिये।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय और समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित करे कि स्वास्थ्य संस्थाओं, केन्द्रों में सभी उपचार उपकरण और सामग्री क्रियाशील रहे। उन्होंने जिला चिकित्सालय को एक अल्ट्रासाउण्ड मशीन का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये। उन्होंने इएसआई हॉस्पिटल की वार्षिक ओपीडी, रिक्त व स्वीकृत पदों, विभिन्न उपकरणों आदि की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश सम्बन्धित डॉक्टर्स को दिये।
जसपुर क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने जसपुर में धांधली करने वालों से अभी तक वसूली न करने तथा मनरेगा कार्यों में धांधली की शिकायत की। इस पर भट्ट ने दोषियों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही करने और धनराशि वसूलने, मनरेगा के अन्तर्गत चल रहे कार्यों में धांधली की शिकायत मिलने पर तुरन्त मनरेगा लोकपाक को अग्रसारित करने और स्वयं भी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिये। उन्होंने मनरेगा के अन्तर्गत इच्छुक व्यक्तियों को 100 का रोजगार मुहैया कराने की व्यवस्था करने के निर्देश भी जिला विकास अधिकारी को दिये।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, आदेश सिंह चौहान, मेयर रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, गुंजन सुखीजा, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, आदि उपस्थित थे।