कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. जोशी होंगे उत्तराखंड विवि के नए कुलपति

12HREG233 कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. जोशी होंगे उत्तराखंड विवि के नए कुलपति

नैनीताल, 12 अप्रैल (हि.स.)। कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी को प्रदेश के श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय बादशाहीथौल टिहरी गढ़वाल का नया कुलपति बनाया गया है। उनका कार्यकाल उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा उनके 65 वर्ष की आयु पूर्ण करने तक होगा। प्रदेश के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह ने बुधवार को उनकी नई नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रो. जोशी का कुमाऊं विवि के कुलपति के रूप में कार्यकाल आगामी 10 मई तक है। यानी कार्यकाल के करीब 28 दिन शेष हैं। लेकिन अब तक यहां नए कुलपति के चयन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। अभी प्रो. जोशी की ओर से साफ नहीं किया गया है कि वह कब यहां कार्यभार त्यागेंगे। क्योंकि तभी वह नया कार्यभार ग्रहण कर पाएंगे। यदि वह अपने कार्यकाल से पहले कार्यभार त्यागते हैं तो ऐसे में नियमानुसार विवि के वरिष्ठतम प्रोफेयर या वरिष्ठतम प्राचार्य को कुलपति का कार्यभार दिया जा सकता है।