09HREG161 मजारों की तुलना पौराणिक मंदिरों से करना सनातनी संस्कृति का अपमान : भाजपा
देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धामी सरकार की ओर से अवैध धार्मिक अतिक्रमण हटाने के कार्य को कांग्रेस की ओर से मजारों की तुलना पौराणिक मंदिरों से करने को सनातनी संस्कृति का अपमान बताया है।
प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि की सनातनी संस्कृति और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए अवैध धार्मिक अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण अभियान के विरोध में कांग्रेस और विपक्ष की बयान बाजियां बेहद आपत्तिजनक हैं।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनके नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि देवभूमि मंदिरों की ही भूमि है। लिहाज़ा मृत शरीरों के नाम पर बने अवैध मजारों को बचाने के लिए मंदिरों से की जा रही तुलना को प्रदेशवासी बर्दाश्त नही करने वाले हैं।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भूमि देवों की भूमि है। इसके कण-कण में भगवान का वास होता है। हमारी ही संस्कृति है जो जंगल को भी पर्यावरण और मानव कल्याण की दृष्टि से भगवान को अर्पित करती है। ताकि लोग जंगल को लोग ना काटें, सुरक्षित रहें और पर्यावरण का महत्व अपने दिनचर्या में आत्मसात करें। ऐसे देवता समान जंगल में कुत्सित और आपराधिक मंशा के लिए बने अवैध अतिक्रमणों पर हो रही कार्रवाई का तो सभी को स्वागत करना चाहिए, लेकिन अफसोस कांग्रेस वर्ग विशेष को खुश करने के लिए पौराणिक मंदिरों की आड़ लेकर अवैध मजारों को बचाना चाहती है। ऐसी किसी भी कोशिश को भाजपा सरकार कभी सफल नही होने देगी।