एनडीएमए की टीम ने परखी चारधाम यात्रा की तैयारियां

18HREG157 एनडीएमए की टीम ने परखी चारधाम यात्रा की तैयारियां

देहरादून, 18 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को लेकर राज्य सरकार ही नहीं केंद्र सरकार भी खास एहतियात बरत रही है। दिल्ली से देहरादून पहुंची एनडीएमए की टीम ने मंगलवार को सचिवालय में हुई एक बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों से जुड़े तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ एक मैराथन बैठक की, जिसमें सभी विभागों ने अपनी तैयारियों पर प्रजेंटेशन दिया गया।

बैठक में 20 अप्रैल यानी यात्रा शुरू होने से सिर्फ 2 दिन पूर्व सभी विभागों का एक सामूहिक मॉकड्रिल आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे इन तैयारियों की व्यवस्थाओं को रखा जा सके। इस बार प्रधानमंत्री कार्यालय के दिशा निर्देश पर अमरनाथ यात्रा की तरह चारधाम यात्रा को लेकर भी एनडीएमए को सुरक्षा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दिल्ली से आई एनडीएमए के अधिकारियों की टीम ने आज सचिवालय में बुलाई गई बैठक में तमाम विभागों जिसमें स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यटन, मौसम, पेयजल, उर्जा, पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ आदि कई विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। चारधाम यात्रा की तैयारियों को और अधिक बेहतर बनाने के लिए इसमें और क्या कुछ किया जा सकता है इस पर विचार मंथन किया गया।

बैठक सभी विभागों के बीच बेहतर आपसी तालमेल बनाने पर सबसे अधिक जोर दिया गया। आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तथा स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन की टीमें किस तरह से बेहतर तालमेल बनाकर काम कर सकती है। आपदा के समय कम से कम एक्शन समय में पीड़ितों तक मदद पहुंचाई जा सके जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। सभी विभागों ने चारधाम यात्रा को लेकर जो तैयारियां की गई हैं, उसकी जमीनी हकीकत क्या है? और किस विभाग की तैयारियों में कमी है, जिसे सुधारा जाना चाहिए। इसके लिए 20 अप्रैल को एक मॉक ड्रिल का आयोजन का निर्णय भी लिया गया है। इस मॉक ड्रिल को देखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि इस बार की चार धाम यात्रा ऐतिहासिक रहने वाली है। यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी है, वह खुद तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बैठक सुबह से दोपहर 2:00 बजे तक चली बैठक में जोशीमठ सहित सभी यात्रा मार्गों पर संयुक्त टीमों की तैनाती करने का निर्णय भी लिया गया है।