मीरजापुर के प्रथम अन्तर-राष्ट्रीय खिलाड़ी श्यामदुलार का निधन

13HSPO15 मीरजापुर के प्रथम अन्तर-राष्ट्रीय खिलाड़ी श्यामदुलार का निधन

-1968 दिल्ली में आयोजित उतर रेलवे अंत: डिविजन दौड़कूद प्रतियोगिता में बनाया था रेकार्ड

मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले के विकास खंड सीखड़ अंतर्गत बिट्ठलपुर गांव निवासी श्यामदुलार पाठक का गुरुवार को निधन हो गया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे एसडी पाठक क्षेत्र के मिल्खा सिंह के नाम से प्रसिद्ध रहे। हमेशा सूट व टाई पहनना उनकी एक अलग पहचान थी।

श्यामदुलार पाठक जन्म गांव के एक किसान परिवार में 1942 में हुआ था। तीन भाईयों और दो बहनों में वे तीसरे नम्बर की संतान थे। रेलवे में चीफ टिकट इंस्पेक्टर के पद पर कार्य करते हुए 2002 में रिटायर हुए थे।

बचपन से ही खेलकूद में हमेशा अव्वल रहने वाले पाठक रेलवे में कार्य करते हुए उत्तर रेलवे की तरफ से खेलते रहे। 1966 में दिल्ली में आयोजित हुए उत्तर रेलवे अंत: डिविजन दौडकूद प्रतियोगिता में ऊंची कूद में1.92 मीटर का जंप लगाकर रेकॉर्ड बनाया था। बाद में अन्य देशों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया था।