07HREG278 मोटे अनाजों के सेवन से स्वास्थ्य के साथ किसानों की आर्थिकी होगी मजबूत : मंत्री गणेश जोशी
देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मोटे अनाज के नियमित सेवन से न केवल व्यक्तियों के शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि अधिक उत्पादन से किसानों के वित्तीय स्वास्थ्य में सुधार करने में मदद मिलेगी।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित संजय ऑर्थोपेडिक की ओर से आयोजित निशुल्क परामर्श स्वास्थ्य शिविर में बतौर मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी ने अच्छे स्वास्थ्य में मिलेट (श्री अन्न) का महत्व के विषय पर चर्चा के दौरान यह बातें कही।
मंत्री ने कहा कि आहार अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मोटे अनाजों का सेवन न केवल ऊर्जा की आपूर्ति कर सकता है, बल्कि प्रतिरक्षा में सुधार करके अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों की आपूर्ति कर सकता है। सभी मोटे अनाज गेहूं, चावल और मक्का से बेहतर हैं। परंपरागत रूप से मोटे अनाज से दलिया और रोटी बनाई जाती है लेकिन मोटे अनाज के इस अंतरराष्ट्रीय वर्ष में नए रेसिपी आ रहे हैं।
मंत्री जोशी ने कहा कि विशेष रूप से अल्पविकसित और शुष्क क्षेत्रों में रहने वाले सीमांत किसानों के लिए यह लाभकारी साबित होगा। यह पहल भविष्य में न केवल स्वास्थ्य, खाद्य और कृषि क्षेत्रों में बल्कि अन्य संबंधित क्षेत्रों के साथ-साथ दुनिया भर में गेम चेंजर साबित होगी। क्योंकि 97 प्रतिशत मोटे अनाज का उत्पादन विकासशील देशों में होता है। सरकार किसानों को आय दोगुनी करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम के आयोजक डॉ. प्रतीक संजय ने आए हुए सभी अतिथियों, छात्रों एवं नागरिकों का आभार प्रकट किया।