21HREG288 गांवों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ने को लेकर की बैठक
नैनीताल, 21 अप्रैल (हि.स.)। राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब में शुक्रवार को संचार मंत्रालय के संयुक्त सचिव एसके अग्रवाल की अध्यक्षता में नैनीताल के ग्रामीण क्षेत्रों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ने संबंधी विषय पर बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
बैठक में संयुक्त सचिव एसके अग्रवाल ने कहा कि आपदा के दौरान आपस में बेहतर तालमेल व संपर्क के लिए क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यक होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भविष्य के लिए सरकार नई तकनीकी पर कार्य कर रही है। इसके तहत जनपदों के सभी ग्राम पंचायतों को वाणिज्यिक मोबाइल सेवाओं पर आधारित 4जी व 5जी से जोड़ा जायेगा। इसके लिए देश में ऐसे गांव चिन्हित किये हैं जहां पर अभी तक किसी प्रकार की कनेक्टिविटी नहीं है या कम क्षमता की 2जी व 3जी कनेक्टिविटी है। इस योजना का उद्देश्य आपदा के दौरान बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ई-शिक्षा, ई-स्वास्थ्य व ई-बैंकिंग सुविधाओं को आसान बनाना है। बैठक में डीएम धीराज गर्ब्याल ने संयुक्त सचिव को जनपद की आपदा के दौरान की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया।