सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने फिल्म ‘पधानी जी’ का प्रोमो लांच किया

21HREG163 सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने फिल्म ‘पधानी जी’ का प्रोमो लांच किया

देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून के रिंग रोड स्थित सूचना विभाग में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने शुक्रवार को गढ़वाली फिल्म ‘पधानी जी’ का प्रोमो लॉन्च किया। इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना आशीष कुमार त्रिपाठी एवं संयुक्त निदेशक/नोडल अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय सहित फिल्म से जुड़े कलाप्रेमी उपस्थित थे।

फिल्म का प्रोमो लांच करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उद्देश्य है कि उत्तराखंड को देश-दुनिया के सामने एक बेस्ट फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जाए। राज्य सरकार का पूरा प्रयास है कि फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण नीतियां लाई हैं, जिनमें सेवा सेक्टर नीति के तहत फिल्म उद्योग में उपयोग होने वाले उपकरणों एवं सेवाओं को शामिल किया गया है, जबकि दूसरी नीति-औद्योगिक नीति के अन्तर्गत फिल्म उद्योग के तहत फिल्म सिटी अथवा अन्य प्रकार के उद्योग आधारित कार्यों को शामिल किया गया है।

तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शीघ्र ही नई फिल्म नीति लागू की जा रही है, जिसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। सरकार की अनुमति के बाद इसे लागू किया जायेगा। इसमें मुख्यमंत्री धामी ने विशेष ध्यान रखा है कि क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित किया जाए।

फिल्म के निर्देशक अशोक चौहान (आशु) ने बताया कि इससे पहले वह और उनकी टीम कई फिल्मों और वीडियो एल्बम में काम कर चुकी है। उनकी टीम ने फिल्म बटोई, औंसी की रात, जुन्याली रात, जन्मू कू साथ, गंगा का मैती गढ़वाली, सात फेरों का सातों बचन, गढ़ गौरव, विक्रम बेताल (गढ़वाली), फिर ऐगे याद तेरी (कुमाउंनी), सुपर हिट फिल्म “खैरी का दिन” भी सम्मिलित है।