सीएसआईआर का 13 से 19 अप्रैल तक प्रयोगशाला अभियान

12HREG114 सीएसआईआर का 13 से 19 अप्रैल तक प्रयोगशाला अभियान

देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की प्रमुख अनुसंधान प्रयोगशालाओं में से एक देहरादून स्थित भारतीय पेट्रोलियम संस्थान 13 से 19 अप्रैल, तक एक सप्ताह एक प्रयोगशाला अभियान कर रहा है।

13 अप्रैल को नई दिल्ली में इस अभियान का उद्घाटन और पूर्वावलोकन कार्यक्रम किया जाएगा। इसके साथ ही एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न संवादात्मक कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। 13 अप्रैल को ही संस्थान द्वारा हितधारकों की एक बैठक की मेजबानी की जाएगी। इस बैठक में संस्थान की संकल्पना से लेकर उद्योग में इसके कार्यान्वयन तक की हमारी प्रौद्योगिकियों की विकास यात्रा का प्रदर्शन किया जा सकेगा।

इस अभियान के अंतर्गत 14 अप्रैल को देहरादून स्थित संस्थान परिसर में सीएसआईआर-आईआईपी के 63 वें स्थापना दिवस के आयोजन के साथ-साथ भारत रत्न डॉ. बी आर अंबेडकर जी की जयंती भी प्रमुख रूप से मनाई जा रही है। इस समारोह के दौरान ईंधन परीक्षण प्रयोगशाला, अपस्ट्रीम प्रयोगशाला का उद्घाटन और मेथेनॉल प्रदर्शन संयंत्र का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 15 अप्रैल को ‘जिज्ञासा’ कार्यक्रम के माध्यम से स्कूल के युवा और प्रतिभाशाली छात्र- छात्राओं तक पहुंचने के हमारे विशेष प्रयास के अंतर्गत सीएसआईआर-आईआईपी के वैज्ञानिक और शोधार्थी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करेंगे।

सीएसआईआर-आईआईपी राजाजी राष्ट्रीय उद्यान से सटा हुआ है और एक विशाल चाय बागान के साथ हरे-भरे पेड़ों से घिरा हुआ परिसर है, जिसे यहां पाई जाने वाली पक्षियों और तितलियों की 100 से अधिक प्रजातियां अत्यधिक सुंदर और मनमोहक बनाती हैं। इसी नैसर्गिक सुंदरता को निकट से देखने और जानने के उद्देश्य से 16 अप्रैल को एक ‘नेचर वाक एट द रेट आईआईपी’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ-साथ सीएसआईआर, आईआईपी परिसर में जल संरक्षण और भू-जल नवीकरण के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भी शुभारंभ किया जाएगा। 17 अप्रैल को भारत में संवहनीय विमानन तथा उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

इसके समानान्तर ग्रामीण क्षेत्र के लिए हमारी पहल, प्रयासों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए उत्तराखंड के चंपावत के बजरीकोट गांव में ग्राम चौपाल का एक कार्यक्रम निर्धारित है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से ग्राम प्रतिनिधियों/स्थानीय निकायों और सीएसआईआर-आईआईपी के वैज्ञानिकों के मध्य संवाद और श्रेष्ठ ऊर्जा संरक्षण उपायों, प्रौद्योगिकियों की जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार को समर्पित है।

19 अप्रैल को उत्तराखंड राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ एक बैठक, जिसमें उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में सहयोगी सीएसआईआर-आईआईपी की प्रस्तावित प्रौद्योगिकियों पर विस्तृत विचार – मंथन और समापन समारोह के साथ सीएसआईआर, आईआईपी का एक सप्ताह, एक प्रयोगशाला अभियान का समापन होगा।