अतिथि देवो भवः की तर्ज पर श्रद्धालुओं का होगा स्वागत : अनिता ममगांई

17HREG179 अतिथि देवो भवः की तर्ज पर श्रद्धालुओं का होगा स्वागत : अनिता ममगांई

-चारधाम यात्रा को लेकर निगम की तैयारियां पूर्ण : महापौर

-निगम अधिकारियों की बैठक में महापौर ने दिए आवश्यक निर्देश

ऋषिकेश, 17 अप्रैल (हि.स.)। अतिथि देवो भवः की परम्परा को जारी रखते हुए नगर निगम प्रशासन विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करेगा। निगम से जुड़ी हर आवश्यक सुविधा का लाभ श्रद्धालुओं को देने के लिए कटिबद्धता के साथ निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। इस संदर्भ में महापौर अनिता ममंगाई ने निगम अधिकारियों की आवश्यक बैठक लेकर तैयारियों को परख। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

सोमवार को निगम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते हुए महापौर ने कहा कि यात्राकाल के दौरान चारधाम सहित देश और दुनिया की निगाहें यात्रा के मुख्य द्वार ऋषिकेश में रहेगीं। निगम से संबंधित सफाई व्यवस्था और पथ प्रकाश व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नजर नही आने पाये। इसके लिए तमाम अधिकारियों को फील्ड में उतरना होगा। वह खुद भी इसकी मानिटरिंग करेंगी। बैठक में उन्होंने रात्रि की सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तमाम महत्वपूर्ण स्थानों पर रोज कराये जाने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल, सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत,सहायक नगर आयुक्त द्वितीय चंद्रकांत भट्ट,अधिशासी अभियंता दिनेश प्रसाद उनियाल ,लेखाधिकारी यतिन शाह ,कर अधिकारी भारती आदि शामिल रहे।