कपकोट: पैराग्लाइडरों के साथ जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने भरी उड़ान

14HREG321 कपकोट: पैराग्लाइडरों के साथ जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने भरी उड़ान

बागेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में कपकोट में जालेख से केदारेश्वर मैदान तक आयोजित राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने जालेख से प्रशिक्षित पैराग्लाइडरों के साथ उड़ान भरी व लगभग 9 मिनट में केदारेश्वर मैदान में लैंडिंग की। सभी ने जिलाधिकारी के साहस की सराहना की।

जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने कहा कि सभी पैराग्लाइडिंग पायलटों ने इस राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, जो हमारे लिए बहुत अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि सभी पैराग्लाइडर द्वारा कपकोट को पैराग्लाइडिंग के लिए बेहतर बताया गया। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रथम बार राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जो सफल रहा। भविष्य में ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में 8 प्रदेशों व आर्मी, आसाम राइफल से 31 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।