15HREG359 देश में जातिगत जनगणना होना आवश्यक: कमलनाथ
भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस सरकार ने ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया था, लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार ने षड्यंत्रपूर्वक इस आरक्षण को समाप्त करा दिया, लेकिन कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के बाद फिर से 27 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार ओबीसी वर्ग को देगी। यह आरोप भोपाल के मानस भवन में शनिवार को यादव समाज के महासम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लगाए।
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना समाज के सभी वर्गों का हक है। कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि केंद्र सरकार को जातिगत जनगणना करानी चाहिए। उन्होंने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव, स्वर्गीय सुभाष यादव और स्वर्गीय शरद यादव का स्मरण करते हुए कहा कि यादव समाज के इन सभी नेताओं ने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। मुलायम सिंह यादव जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तो उनके हवाई जहाज से ही मैं देश के अलग-अलग इलाकों का दौरा करता था।
पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि कमलनाथ ने हमेशा ओबीसी वर्ग और यादव समाज का सम्मान किया है। एक ही बार आग्रह करने पर उन्होंने भोपाल के अपेक्स बैंक का नाम सुभाष यादव भवन रख दिया था। कोई और नेता होता तो ओबीसी का 27 प्रतिशत आरक्षण बढ़ाने के लिए बड़ा भारी कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित करता, लेकिन कमलनाथ ने पूरी शालीनता से बिना किसी शोर-शराबे के वैधानिक तौर पर ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया था। इस अवसर पर विधायक पीसी शर्मा ने राजधानी यादव समाज राधा कृष्ण मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की राशि दी।