09HREG246 पुरानी पेंशन बहाली : संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में एक मई को संसद मार्च करेंगे कर्मचारी
हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड की एक बैठक ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, कॉलेज में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपीएस रावत की अध्यक्षता में हुई। संचालन दिनेश लखेडा, प्रदेश अध्यक्ष चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने किया। इसमें चिकित्सा स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निगम, आयुर्वेद, पीडब्लूडी के कर्मचारियों ने भाग लिया और सभी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रतिबद्धता जतायी।
सभा में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष केएन भट्ट, समीर पांडेय, महिला उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी, उपसचिव छत्रपाल सिंह, संरक्षक रमेश चंद्र पंत,नगर निगम के अखिलेश शर्मा, इंदर सिंह रावत ने कहा कि अगर जल्द ही हम पुरानी पेंशन के लिए गंभीर रूप से इससे नहीं जुड़े तो भविष्य में पुरानी पेंशन सपना बनकर रह जायेगी।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेडा, प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र तेश्वर जिला मंत्री राकेश भंवर चिकित्सा स्वास्थ्य के जिलाध्यक्ष एसपी चमोली जिलामंत्री प्रदीप मौर्य संरक्षक जेपी चाहर ने कहा कि अगर अब भी एनपीएस लेने वाले कर्मचारी नहीं जागे तो भविष्य में पुरानी पेंशन बहाल होना नामुमकिन हो जायेगा, इसलिये संघर्षरत रहना जरूरी है, तभी कुछ फल प्राप्ति संभव है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी एस रावत ने कहा कि उत्तराखंड से लेकर देश के दूसरे कोने तक ओपीएस बहाली की आवाज उठानी चाहिये। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 01 मई को संसद मार्च राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर होगा। पुरानी पेंशन बहाली के लिए केंद्र सरकार को मजबूर कर दें कि उन्हें 2024 से पहले पुरानी पेंशन बहाल करनी पड़े। उन्होंने सभी कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि जब तक हमारी पुरानी पेंशन बहाली नहीं हो जाती तब तक हम अपने परिवार सहित आंदोलनरत रहेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी एस रावत ने जिला हरिद्वार को मजबूत करने के लिए जिला पदाधिकारियों की घोषणा की, जिसमें संरक्षक जेपी चाहर, विनोद यादव, जिला प्रभारी विवेक सैनी, जिलाध्यक्ष नवीन सैनी, जिला संयोजक अनिल सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश शर्मा, आशुतोष गैरोला, जिला महिला अध्यक्ष सुनीता तिवारी, जिला आई टी सेल प्रभारी अमित लाम्बा के नामों की घोषणा की।