आगामी कार्यक्रमों के लिए भाजपा ने बैठक में कार्ययोजना

08HREG257 आगामी कार्यक्रमों के लिए भाजपा ने बैठक में कार्ययोजना

हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिला भाजपा कार्यालय पर बूथ सशक्तिकरण अभियान और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिला पदाधिकारियों मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारियों के बैठक कर कार्ययोजना बनाई गई।

पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संदीप गोयल ने बताया कि 6 अप्रैल पार्टी स्थापना दिवस से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती तक सामाजिक न्याय सप्ताह के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न विभिन्न मोर्चों का कार्यक्रम किया जाना सुनिश्चित हुआ है। आगामी 11 अप्रैल को ओबीसी मोर्चा महान समाज सुधारक और चिंतक महात्मा ज्योतिबा फूले की जन्म जयंती मनाएगा। इस अवसर पर सभी भाजपा पदाधिकारी उनकी प्रतिमा और चित्र पर पुष्पांजलि कर उनके दिए गए विचारों को एक गोष्ठी के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

इसके अतिरिक्त युवा मोर्चा रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज में चेतना लाने का काम करेगा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा युवा मोर्चा के सहयोगी के रूप में काम करेगा। महिला मोर्चा की बहनें वृद्धा आश्रम में फल वितरण एवं विभिन्न सेवा कार्य के कार्यक्रम को करेंगी।

किसान मोर्चा के द्वारा अस्पताल एवं सार्वजनिक स्थानों पर हमारे समाज के महापुरुषों की मूर्ति स्थलों पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

अनुसूचित मोर्चा द्वारा 14 अप्रैल को भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डा. बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सभी जिला एवं मंडल स्तर पर बाबा साहब का चित्र लगाकर पुष्पांजलि का कार्यक्रम करेंगे। बाबासाहेब आंबेडकर का व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। कार्यक्रम में समाज के अनुसूचित जाति के प्रबुद्ध जनों और सर्व समाज के लोगों को सादर आमंत्रित किया जाए, क्योंकि बाबा साहब किसी एक समाज के नहीं अपितु सर्व समाज के महापुरुष हैं।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर एक दिन पूर्व में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाया जाए ।उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय सप्ताह एवं आगामी 30 अप्रैल को होने वाले 100वें मन की बात कार्यक्रमों की समीक्षा को राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम जल्द ही जिला हरिद्वार की बैठक लेने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी केंद्र और प्रदेश की सरकारें दिन रात अंत्योदय और गरीब कल्याण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं। आज डबल इंजन की सरकार के द्वारा चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, स्वास्थ्य क्षेत्र हो, किसान कल्याण के क्षेत्र हो, सुशासन के संबंध में ,महिला एवं बाल कल्याण के संबंध में ,पेयजल आपूर्ति हो, सैनिक कल्याण हो, ग्राम विकास हो आदि सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास करने का काम कर रही है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री आशु चौधरी ने किया इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, रश्मि चौहान, आभा शर्मा ,निर्मल सिंह, जिला मंत्री आलोक द्विवेदी, नेत्रपाल चौहान विशनपाल कश्यप, मंडल अध्यक्ष रीता सैनी, सुमित कुमार, संदीप राठी, पवनदीप कुमार आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।