उत्तराखंड: तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति कोविंद

14HNAT54 उत्तराखंड: तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति कोविंद

देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। पूर्व राष्ट्रपति कोविंद यहां गढ़ी कैंट स्थित डॉ बीआर आंबेडकर मेमोरियल पार्क गए। जहां पूर्व राष्ट्रपति का राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।

पूर्व राष्ट्रपति ने पार्क में भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।उनके साथ पत्नी सविता कोविंद ने भी पुष्प अर्पित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मूर्ति के नए स्वरूप को देखकर पूर्व राष्ट्रपति कोविंद ने कैंट बोर्ड के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने इस मूर्ति के संबंध में अपनी स्मृति साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड भ्रमण के दौरान बाबा साहेब की मूर्ति के छोटा और उनके गरिमा के अनुरूप न होने की बात को राज्यपाल ने संज्ञान लिया और इस मूर्ति का जीर्णाेद्धार कर एक नया और भव्य स्वरूप दिया है। इसके लिए उन्होंने राज्यपाल सहित कैंट बोर्ड के सभी अधिकारियों की सराहना की। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने अध्यक्ष कैंट बोर्ड ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता और सीईओ अभिनव सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविद 15 एवं 16 अप्रैल को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल भी मौजूद रहेंगे। अपने भ्रमण के दौरान वे राजभवन में भी प्रवास करेंगे। राजभवन में उनके सम्मान में राजकीय भोज का भी आयोजन किया गया है।