भागवत कथा में महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाली शातिर महिला गिरफ्तार

16HREG70 भागवत कथा में महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाली शातिर महिला गिरफ्तार

हरिद्वार,16 अप्रैल (हि.स.)। धार्मिक कथा व प्रवचनों के दौरान श्रोताओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाली संभ्रांत परिवार की एक शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला के पास से सोने की दो चेन बरामद हुईं हैं।

चार लाख रुपये कीमत की यह चैन 3 दिन पहले कनखल में हो रही भागवत कथा के दौरान चोरी की गई थी। पकड़ी गई महिला कथा में आने जाने के लिए कार का प्रयोग करती थी, पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि जमालपुर कला कनखल में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी संबंधी मामले में पुलिस टीम ने आदियोगी कॉलोनी नियर क्रिस्टल वर्ल्ड बहादराबाद से महिला छाया देवी पत्नी किशन लाल को चोरी की 02 चेन के साथ गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपित छाया देवी पत्नी किशन लाल मूल रूप से गांधी विहार नियर न्यू चंडी मंदिर थाना देहात जिला हापुड,उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।