15HREG147 महिला से छेड़छाड़ का आरोपित दरगाह खादिम बर्खास्त
हरिद्वार,15 अप्रैल (हि.स.)। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के आदेश पर पिरान कलियर दरगाह प्रबंधक ने दरगाह में तैनात खादिम अब्दुल रहमान को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
खादिम रहमान के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में चार्जशीट दाखिल की है। इसके बाद दरगाह प्रबंधक ने महिला की शिकायत पर खादिम के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपित को तीन दिवस के भीतर दरगाह का कमरा खाली करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
दरगाह प्रबंधक रजिया ने बताया कि पिरान कलियर निवासी एक महिला ने वर्ष 2020 में उप जिलाधिकारी रुड़की की अदालत में खादिम अब्दुल रहमान निवासी पिरान कलियर के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व गाली-गलौज करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच करने के बाद आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के आदेश पर पिरान कलियर दरगाह प्रबंधक रजिया ने खादिम अब्दुल रहमान की सेवा समाप्त करते हुए तीन दिवस के भीतर दरगाह का कमरा खाली करने के आदेश जारी कर दिए हैं।