14HREG332 स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
गोपेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बदरीनाथ एवं हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंतजामों को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश ने बदरीनाथ धाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के पड़ाव में पड़ने वाले मार्ग पर स्थित स्वास्थ्य सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चमोली जिले के सुप्रसिद्ध धाम बदरीनाथ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं मेडिकल रिलीफ पॉइंट का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य सचिव ने सभी केंद्रों पर यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक जीवनदायिनी औषधियों, स्वास्थ्य उपकरण, उच्च हिमालय क्षेत्रों में होने स्वास्थ्य जोखिम को कम करने वाले स्वास्थ्य उपाय और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को सुसज्जित करने का मुख्य चिकित्सा अधिकारी निर्देश दिया। धाम में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं एमआरपी का उन्होंने निरीक्षण किया। निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल एवं निर्माणाधीन 50 बेड का हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। बदरीनाथ धाम एवं सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के पड़ाव में पड़ने वाले पांडुकेश्वर एवं गोविंदघाट में अवस्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं एमआरपी में भी सभी स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।