ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार व विस्तारीकरण कार्य का हुआ भूमि पूजन

14HREG310 ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार व विस्तारीकरण कार्य का हुआ भूमि पूजन

गोपेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व के कोठा भवन के जीर्णोद्धार और परिसर के विस्तारीकरण व सौंदर्यीकरण के कार्यों का शुक्रवार को भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने पर ओंकारेश्वर मंदिर का दिव्य और भव्य स्वरूप सामने आएगा और ऊखीमठ तीर्थाटन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

कोठा भवन का निर्माण पौराणिक शैली के अनुसार किया जाएगा। प्रथम चरण में भैरवनाथ मंदिर, बाराही मंदिर, पंचकेदार मंदिर, भोग मंडी आदि का निर्माण कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में चंडिका देवी मंदिर, उषा अनिरुद्ध विवाह स्थल, शंकराचार्य गद्दी स्थल आदि का निर्माण किया जाएगा। तीसरे चरण में ओंकारेश्वर मंदिर परिसर से बाहर अवस्थापना सुविधाएं, सड़क, पार्किंग, जन सुविधायें, वेटिंग रूम आदि का निर्माण कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजेंद्र अजय ने कहा कि निर्माण कार्य मई के प्रथम सप्ताह से शुरू हो जाएगा। उनका प्रयास है कि सभी कार्य जल्द से जल्द पूरे हों और ओंकारेश्वर मंदिर एक नए स्वरूप में देश-दुनिया के सामने हो।

पुणे के श्रद्धालु ने दिया 10 लाख रुपये का चेक

ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण कार्यों के लिए पुणे (महाराष्ट्र) के एक श्रद्धालु गिरीश जैन ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को दस लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। मंदिर परिसर में जीर्णोद्धार कार्यों के भूमि पूजन में पत्नी के साथ पहुंचे गिरीश जैन ने बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय को दस लाख रुपये की धनराशि का चेक सौंपा। बीकेटीसी अध्यक्ष ने जैन दंपति का आभार प्रकट किया।