15HREG163 बागेश्वर में पहली बार दो दिवसीय किताब महोत्सव शुरू
बागेश्वर, 15 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में पहली बार दो दिवसीय किताब कौथिग महोत्सव प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बैजनाथ में हो रहा है। किताब कौथिग (महोत्सव) में विभिन्न विषयों पर आधारित 50 प्रकाशकों की किताबें भी पाठकों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहीं। कौथिग में वरिष्ठ साहित्यकारों को सम्मानित भी किया गया। किताब कौथिग के शुभारंभ पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के साथ ही प्रसिद्ध कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
किताब कौथिग में विभिन्न भाषाओं के 50 से अधिक लेखकों की किताबों का प्रदर्शन और बिक्री को रखी गयी हैं। कुमाऊंनी लेखक मोहन जोशी की ऋगवेद और गरुड़ पुराण के भावानुवाद पुस्तकों का मुख्य अतिथियों ने विमोचन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किताबों से दोस्ती हो जाए तो जीवन की राह आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि किताबों का यह आयोजन वर्तमान के साथ ही भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबों के प्रति रुचि पैदा करना है। ऐसे पुस्तक मेलों में बच्चों को स्कूली विषयों से हटकर विभिन्न लेखकों, प्रशासकों की असंख्य पुस्तकों की विविधता मिलती है, जिससे बच्चे रूचि लेकर पढ़ सकते है।
किताब कौथिग में इतिहासकार डा. शेखर पाठक ने कहा कि इससे बच्चों व युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा ऐसे आयोजनों से बच्चों को शिक्षा में रुचि पैदा होगी। शिक्षित और संस्कारित बनेंगे, जिससे एक स्वस्थ्य-शिक्षित समाज का निर्माण होगा।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि इस पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबों के प्रति रुचि पैदा करना है। ऐसे पुस्तक मेलों में बच्चों को स्कूली विषयों से हटकर विभिन्न लेखकों, प्रशासकों की असंख्य पुस्तकों की विविधता मिलती है, जिससे बच्चे रुचि लेकर पढ़ सकते हैं। किताब कौथिग में स्टार गेजिंग, साइन्स, क्वीज, आर्ट, ऐपण आदि जैसी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी है। पहले दिन बच्चों ने पुस्तक मेले में किताबों के प्रति काफी रुचि दिखाई।
दो दिन के इस कौथिग महोत्सव में साहित्यिक परिचर्चा के साथ ही पाठकों की प्रसिद्ध लेखकों से मुलाकात कराई जाएगी। इसके अलावा विज्ञान रंगमंच, दूरबीन से स्टार गेजिंग व प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।
इससे पूर्व पर्यटक स्थल बैजनाथ में दो दिवसीय किताब कौथिग का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, कपकोट विधायक सुरेश गढिया, जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किताब महोत्सव और दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक मंच कार्यक्रमों का शुभारम्भ किया।