21HREG197 बाबा केदार की पंचमुखी डोली केदारनाथ धाम के लिए हुई प्रस्थान
ऊखीमठ/जोशीमठ, 21 अप्रैल (हि.स.)। पंच केदार गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से भगवान केदार बाबा की पंचमुखी डोली शुक्रवार को केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान कर गई। सेना की मधुर बैंड धुन, जय भोले के उद्घोष व पुष्पवर्षा के साथ डोली ने ओंकारेश्वर मंदिर परिसर से प्रथम पड़ाव गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान किया।
बाबा केदार की डोली विदाई के मौके पर हजारों श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे थे। बाबा केदार के जयकारों व सेना की मधुर बैंड धुन पर नाचते थिरकते भक्तों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया था। प्रथम पड़ाव गुप्तकाशी पहुंचने से पूर्व चुन्नी गांव, विद्यापीठ व गुप्तकाशी में पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत हुआ।
बाबा केदार की डोली प्रथम पड़ाव गुप्तकाशी में प्रवास के उपरांत शनिवार 22 अप्रैल को द्वितीय पड़ाव फाटा पहुंचेगी, 23 अप्रैल को तृतीय पड़ाव गौरीकुंड व 24 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी।
श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय ने पंचमुखी डोली के धाम प्रस्थान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भगवान बद्री नारायण एवं बाबा केदार से निर्विघ्न यात्रा की कामना की है।