16HNAT20 उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष सीपीए बैठक में शामिल के लिए आज रात जिब्राल्टर होंगी रवाना
देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ब्रिटिश प्रवासी प्रदेश जिब्राल्टर में होने वाली मध्य वर्ष राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) कार्यकारी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए 16 अप्रैल (रविवार) रात्रि जिब्राल्टर के लिए उड़ान भरेंगी।
ब्रिटिश प्रवासी प्रदेश जिब्राल्टर में मध्य वर्ष राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) कार्यकारी समिति की बैठक 18 से 20 अप्रैल तक का आयोजन होना है। इसमें विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण भी भाग लेंगी।
गौरतलब है की उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष राष्ट्रमंडल संसदीय संघ में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कार्यकारिणी समिति की भारत की प्रतिनिधि के रूप में नामित सदस्य भी हैं।
इसी संबंध में रविवार सुबह नई दिल्ली के संसद भवन के बैठक कक्ष में सम्मेलन से पूर्व इंडिया रीजन के सभी सदस्यों ने बैठक की। इसमें सीपीए कार्यकारी समिति की बैठक के दौरान होने वाली विभिन्न कार्यशाला में चर्चा के विषयों पर भारत का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व और पक्ष रखने के लिए रणनीति बनाई गई है।
बैठक में विदेश मंत्रालय, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारीगण सहित असम के विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दायमारी, लोकसभा सांसद उदय प्रताप सिंह, संयुक्त सचिव लोकसभा डा. अजीत कुमार शामिल रहे।