14HNAT46 छात्रों को आत्महत्या जैसे गलत कदमों से रोकना होगा: याज्ञवल्क्य शुक्ल
-अभाविप की दो दिवसीय केन्द्रीय कार्यसमिति 15 और 16 को दून विवि में
देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि पाठ्यक्रमों और अन्य खामियों के चलते शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की आत्महत्या करने की बढ़ रही घटना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि छात्रों को आत्महत्या जैसे गलत कदमों से रोकना होगा। इसके लिए तनावमुक्त वातावरण तैयार करना होगा।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अभाविप राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि 2017 से लेकर देश में होनहार छात्रों की आत्महत्या की घटनाएं लगतार बढ़ रही हैं। इसके लिए अभाविप केन्द्र और प्रादेशिक स्तर पर संस्थानों के साथ छात्रों के हित में समाधान के लिए देशभर में एक व्यापक स्तर पर मुहिम चलायेगा। उन्होंने कहा कि संस्थानों में आनंदमय छात्र जीवन केन्द्र स्थापित होना चाहिए, जहां पर रचनात्मक व तनावमुक्त वातावरण के साथ देश-समाज व स्वयं के लिए बेहतर करने वाले नागरिक के रूप में होनहार छात्र तैयार हो सकें। इससे छात्रों को आत्महत्या जैसे गलत कदमों से रोका जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर बेस सेंटर में परीक्षाएं पारदर्शी नहीं हो पा रही हैं। यह बहुत ही दुखद स्थिति है। बिहार सहित कई राज्यों में ऑनलाइन परीक्षा के नाम पर बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। यह छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा मजाक है। उन्होंने कहा कि बिहार के साथ राजस्थान में परीक्षा को उद्योग बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने प्रश्न पत्र लीक पर कड़ा नियम लाया है। अन्य सरकारों को भी उत्तराखंड सरकार से सीख लेते हुए इस तरह का नियम लाने का साहस करना चाहिए।
याज्ञवल्क्य शुक्ल ने बताया कि अभाविप की दो दिवसीय केन्द्रीय कार्यसमिति दून विश्व विद्यालय में 15 और 16 अप्रैल को आयोजित हो रही है। इस कार्यसमिति में केन्द्रीय अधिकारियों के साथ देशभर के प्रांत संगठन मंत्री, अलग-अलग कैंपस से करीब 150 लोग शामिल होंगे। कार्यसमिति में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक परिस्थितियों पर दो दिन चर्चा की जायेगी। आने वाले दिनों में छात्र हित में परिषद की भावी योजनाओं पर भी चिंतन मंथन किया जायेगा।
उन्होंने देश के सभी शिक्षा से जुड़े हितधारकों से सकारात्मक दिशा में लेकर छात्रों को अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अभाविप, शिक्षा क्षेत्र में छात्रों के हित को ध्यान में रखकर व्यापक परिवर्तन व सुधार की दिशा में अपने अभियान को जारी रखेगा।