18HREG136 महिला सशक्तीकरण से आधी आबादी का होगा विकास, आएगी आर्थिक समृद्धि
– सम्यक संवैधानिक क्रांति मोर्चा का प्रदर्शन
मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। सम्यक संवैधानिक क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील मुख्यालय लालगंज पर 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और कहा कि भूमिहीनों को पट्टे पर जमीन और एक शिक्षा नीति बनाई जाए।
सम्यक संवैधानिक क्रांति मोर्चा के पदाधिकारी रामराज आदिवासी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए देश के सभी संस्थानों में उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए। इससे आधी आबादी का भी बराबरी का विकास होगा और आर्थिक समृद्धि आएगी। कहा कि उच्च न्यायालय के जजों की नियुक्ति में भी महिलाओं को आरक्षण दिया जाए जिससे बराबरी का अधिकार और अवसर उपलब्ध होगा। राष्ट्रीय प्रचारक अश्विनी पटेल ने कहा कि सामाजिक विसंगतियों को दूर किए जाने की जरूरत है। राष्ट्रीय प्रभारी कमलेश गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन कर किसानों का मासिक आय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बराबर निर्धारित किया जाए।
सहसंयोजक अवधनारायण सिंह व जिलाध्यक्ष हरीशचंद पटेल ने कहा कि आदिवासी, मुसहर, गोड़ जातियों को उत्तर प्रदेश में जनजाति का दर्जा देकर सुविधाएं दी जाएं। प्रदर्शन के दौरान हरिलाल आदिवासी, मानिकचंद, रमाशंकर वर्मा, गीता देवी, चिंतामणि, अनीता, धनराजी, आशा, पार्वती आदि सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।