रास्ता भटक कर जंगल में लापता युगल सकुशल बरामद

07HREG16 रास्ता भटक कर जंगल में लापता युगल सकुशल बरामद

गोपेश्वर, 07 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले के पोखरी के जंगल में दो दिन पहले रास्ता भटक कर जंगल में लापता हो गए एक युवक और युवती को राज्य आपदा प्रबंधन (एसडीआरएफ) की टीम ने सोमवार देर रात सकुशल बरामद कर लिया। रूद्रप्रयाग निवासी आशुतोष भट्ट और वंदिता भट्ट को बरामद कर टीम ने जंगल से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।

जानकारी के अनुसार आशुतोष और वंदिता दो दिन पहले अचानक लापता हो गए थे। लोगों का कहना है कि वास्तव में वे रास्ता भटक कर जंगल की तरफ चले गए। एसडीआरएफ की टीम को सोमवार की शाम जिला नियंत्रण कक्ष की ओर से सूचना दी गई कि पोखरी के जंगल में रास्ता भटकने के कारण लापता युवक-युवती की खोजबीन के लिए बचाव अभियान चलाये जाने की जरूरत है। जिस पर एसटीआरएफ के उप निरीक्षक उमराव सिंह के नेतृत्व में एक टीम मौके लिए रवाना हुई। टीम की ओर से देर रात्रि जंगल मे गहन खोज अभियान चलाया गया। लगभग चार घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने दोनों को ढूंढ लिया गया तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।