सिंगापुर स्मैश: मनिका-साथियान की जोड़ी मिश्रित युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में

14HSPO3 सिंगापुर स्मैश: मनिका-साथियान की जोड़ी मिश्रित युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में

सिंगापुर, 14 मार्च (हि.स.)। भारतीय स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और साथियान ज्ञानशेखरन की जोड़ी सिंगापुर स्मैश 2023 में मिश्रित युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय जोड़ी ने सोमवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में च्यू झे यू क्लेरेंस और जियांग ज़ेंग की स्थानीय जोड़ी को हराया।

भारतीय जोड़ी को क्लेरेंस और जियान ज़ेंग को 16वें चरण के दौर में 3-1 (11-7, 12-10, 9-11, 11-3) से हराया। यह मुकाबला 31 मिनट तक चला।

मनिका और साथियान ने शुरू से ही मैच में दबदबा बनाए रखा और पहला गेम 11-7 से अपने नाम किया। लेकिन स्थानीय टीम ने दूसरे गेम में संघर्ष दिखाया, हालांकि भारतीय जोड़ी ने पहले गेम की लय बरकरार रखते हुए 12-10 से जीत दर्ज की।

च्यू और जियांग ने इसके बाद मैच में वापसी करते हुए तीसरा गेम 11-9 से जीतकर स्कोरलाइन को 2-1 कर दिया। इसके बाद साथियान और मनिका ने अपना दबदबा जारी रखा और आखिरी गेम 11-3 से जीतकर मैच 3-1 से जीत लिया।

मनिका और साथियान की जोड़ी अब अपने क्वार्टर फाइनल मैच में विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता जापान की तोमोकाजू हरिमोटो और हिना हयाता से भिड़ेगी।

इससे पहले, इस टूर्नामेंट के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। एकल वर्ग में मनिका बत्रा, जी साथियान और शरथ कमल अपने-अपने मैच हार गए थे।