(अपडेट) निवाडी: गरीबों का जीवन स्तर उठाना भाजपा का संकल्प है : खटीक

18HREG422 (अपडेट) निवाडी: गरीबों का जीवन स्तर उठाना भाजपा का संकल्प है : खटीक

निवाडी, 18 मार्च (हि.स.)। हमारा एक मात्र उद्देश्य जनता की निरंतर सेवा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान रखकर योजनाएं चल रही हैं। गरीबों का जीवन स्तर उठाना भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है। जनकल्याणकारी योजनाओं से जो वंचित हैं, उनको लाभ दिलाने का काम हमें करना है। हितग्राहियों को भारतीय जनता पार्टी रीति-नीति से अवगत कराकर पारिवारिक रूप से जुड़ने का काम करें। यह बात केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक ने निवाड़ी जिले के ओरछा और जेरोन मण्डल के बूथ क्रमांक 62, 57, 58, 32 पर बूथ विस्तारक के रूप में बूथ समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि आज हमारे पास नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व प्रधानमंत्री के रूप में मौजूद है। जिसके कारण आज विश्व भारत की ओर देख रहा है। प्रधानमंत्री ने आवास, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना सहित अनेकों योजनाओं के माध्यम से गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। प्रदेश सरकार ने ‘लाडली बहना योजना’ लाकर इतिहास बनाया है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के कारण आज बेटी बोझ नहीं, बल्कि हमारा अभिमान बन गई हैं। प्रदेश सरकार ने संबल योजना के माध्यम से गरीबों को बल दिया।

खटीक ने कहा कि हमारे संगठन के कार्यकर्ता हमेशा बूथ का सशक्तिकरण कर संगठन को मज़बूत करते है, ऐसा कोई दूसरा राजनैतिक दल नही है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री से लेकर सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि सहित प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करने का काम कर रहे है। उन्हांने संगठन द्वारा तय 22 करणीय कार्यों को पूरा कर बूथ को सशक्त करने की बात कही। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अखलेश अयाची, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बूथ अध्यक्ष के घर किया भोजन

केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक शनिवार को निवाड़ी जिले के निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर विधानसभा के बूथों के प्रवास पर थे। उन्हांने बूथ-विस्तारक-अभियान 2 के तहत निवाड़ी जिले के ओरछा और जेरोन मण्डल के बूथ क्रमांक 62, 57, 58, 32 पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने दोपहर का भोजन पनीहारी के बूथ अध्यक्ष रामजी यादव के घर पर किया और उनके परिजनों से भेंट की।