जनता को मिल रहा है सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ : हर्षिता सिंह

01HREG422 जनता को मिल रहा है सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ : हर्षिता सिंह

-सरकारी योजनाओं के प्रचार हेतु तीन दिवसीय प्रदर्शनी का हुआ शुभारम्भ

फिरोजाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हर्षिता सिंह सुमित प्रताप द्वारा केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों व उपलब्धियों एवं जन सामान्य के उत्थान हेतु लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास एवं सबका प्रयास विषयक सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का बुधवार को सिरसागंज में फीता काटकर उद्घाटन व शुभारम्भ किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्षा व उनके साथ विशिष्ठ अतिथि सुमित प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, पूर्व चेयरमैन सिरसागंज नगर पालिका सोनी शिवहरे व एसडीएम सिरसागंज डा बुशरा बानो सहित क्षेत्रवासियां ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी 01, 02 व 03 मार्च तक निरंतर देखी जा सकेगी, इसके लिए जिला पंचायत अध्यक्षा ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में आकर प्रदेश व केन्द्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत हो और उनका लाभ उठाएं।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा किये गए विभिन्न कल्याणकारी कार्य एवं संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के सभी कार्यक्रमों के मूल में लोक कल्याण की भावनाएं निहित हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज, युवाओं को नौकरी, एक्सप्रेसवे, मिशन रोजगार, महिला सशक्तिकरण, कृषि आदि कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ जन सामान्य को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गयी इस भव्य प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को अच्छे ढंग से दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी आम जन के लिए बहुत ही उपयोगी है। इसका अवलोकन कर आम जन प्रदेश व केन्द्र सरकार द्वारा किए गए गत वर्षों के कार्यों एवं सरकार के रिपोर्ट कार्ड की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सुमित प्रताप प्रताप सिंह ने बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता एवं जिला सूचना अधिकारी दयाशंकर, प्रधान सहायक दिलशाद अहमद एवं जीशान हुसैन सहित भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।