07HREG3 इंदौर एयरपोर्ट पर बन रहा नया डोमेस्टिक कार्गो टर्मिनल
– सांसद शंकर लालवानी ने कहा- कारोबार को मिलेगी गति
इंदौर, 6 मार्च (हि.स.)। इंदौर को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इससे कारोबार को गति मिलेगी। एयरपोर्ट पर नए डॉमेस्टिक कार्गो टर्मिनल का काम तेजी से चल रहा है, जिसमें 17,100 स्क्वायर मीटर एरिया में स्ट्रांग रूम, कोल्ड स्टोरेज, डीजीआर रूम समेत कई सुविधाएं मिलेगी। 62,000 मेट्रिक टन से भी ज्यादा की सालाना क्षमता वाले कार्गो टर्मिनल से इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों से सामान की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
इसके अलावा पेरिशेबल कार्गो पर भी काम चल रहा है। 300 स्क्वायर मीटर एरिया में बन रही इस कार्गो सुविधा से फल, फूल, सब्जी एवं अन्य जल्दी खराब होने वाली चीजों को बाहर भेजना आसान हो जाएगा। पेरिशेबल कार्गो की सालाना क्षमता करीब 5475 मेट्रिक टन होगी।
कोविड-19 की कठिन परिस्थितियों के बीच सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर को एयर कार्गो के मामले में आगे बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था जो कि अब पूर्णता की ओर है। सांसद लालवानी ने सोमवार को एयरपोर्ट पर चल रहे इन कार्यों का निरीक्षण किया और और कहा कि डॉमेस्टिक कार्गो के विस्तार से इंदौर के कारोबारियों को सहूलियत मिलेगी और बाहर सामान भेजना सुगम होगा।
लालवानी ने बताया कि वर्तमान क्षमता से करीब 3 गुना की क्षमता वाला यह नया कार्गो टर्मिनल होगा और पेरिशेबल कार्गो के बनने से किसानों को भी लाभ होगा और उनकी आय बढ़ेगी।