मुख्तार के सहयोगी स्व. कमलेश सिंह प्रधान के मकान पर वाणिज्य कर कार्यालय खाली कराकर चला बुलडोजर

05HREG54 मुख्तार के सहयोगी स्व. कमलेश सिंह “प्रधान” के मकान पर वाणिज्य कर कार्यालय खाली कराकर चला बुलडोजर

गाजीपुर, 5 मार्च (हि.स.)। गाजीपुर जनपद के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के बगल में स्थित बाहुबली मुख्तार अंसारी के सहयोगी स्व. कमलेश सिंह “प्रधान” के मकान पर रविवार की सुबह प्रशासन का बुलडोजर चला,जिसमें प्रशासन ने करोड़ों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

इस संदर्भ में एसडीएम सदर ने बताया कि मकान के अवैध निर्माण को लेकर काफी लंबे समय से मुकदमा चल रहा था। चार मई 2022 को अदालत के फैसले के बाद उन्हे मकान के निर्माण को गिराने का कई बार नोटिस दिया गया। आज उसी के क्रम में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार स्व. कमलेश सिंह माफिया मुख्तार अंसारी गैंग के सूचीबद्ध सदस्य थे। योगी सरकार द्वारा माफियाओं को मिट्टी में मिलाने के फैसले के बाद इस तरह की कार्रवाई हुई है। ध्वस्तीकरण के कार्यवाही का आभास शनिवार की शाम को सभी को लग गया था। सूचना विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में भी ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया का उल्लेख किया गया था। जिससे लोगों को पता चल गया था कि कमलेश सिंह के मकान पर भी बुलडोजर चलेगा। आज सुबह 6 बजे से ही करीब आधा दर्जन बुलडोलर मकान को ध्वस्त करने में लग गये। एसडीएम सदर और सीओ सिटी, शहर कोतवाल समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे। इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी तादात में आसपास की जनता मौजूद थी। सभी लोगों के जुबान पर सीएम योगी के चर्चे थे।

गौरतलब हो कि उक्त भवन में पिछले 20 वर्षों से वाणिज्य कर/ राज्य कर का कार्यालय भी संचालित हो रहा था। जिसे ध्वस्तीकरण की सूचना के बाद संबंधित अधिकारियों के देखरेख में सारे सामान निकालकर आरटीआई काॅलेज के छात्रावास में सुरक्षित रखा गया।