11HREG360 खंडवाः पिता ने दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर जंगल में फेंके शव
खंडवा, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम लाल माटी में एक व्यक्ति द्वारा अपने दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपने दोनों बच्चों की हत्या करना कबूल लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लाल माटी निवासी 30 वर्षीय जादू पुत्र लिमडा बारेला गत पांच मार्च को घर से अपने दो बच्चों पांच वर्षीय बेटे वरुण और तीन वर्षीय बेटी सुनीता को लेकर बाइक से अम्बाखेड़ा के लिए निकला था। यहां गांव में उसकी ससुराल है। उसकी पत्नी सादूबाई यही रह रही थी, लेकिन जादू दोनों बच्चो को उनकी मां के पास लेकर नहीं पहुंचा और देर शाम वह अकेला अपने घर वापस आ गया। उसके साथ दोनों बच्चे नहीं थे। इसके बाद परिजनों ने दोनों बच्चों के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। जादू के मामा गोपाल बारेला की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर दोनों बच्चों को तलाश शुरू की। इसी दौरान शुक्रवार को देर रात दोनों बच्चों के शव पुलिस को जंगल में मिले। बड़ी बेरहमी से आरोपित ने अपने दोनों बच्चों की हत्या की थी और शव जंगल में फेंक दिए थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित जादू का अपनी पत्नी साधुबाई से विवाद चल रहा था। शराब पीने की लत से परेशान होकर पत्नी मायके अंबाखेड़ा चली गई थी। बच्चे जादू के पास रह रहे थे। संभवत: पत्नी से विवाद के चलते दोनों ही बच्चों की हत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी आरोपित जादू से पूछताछ कर रही है।
मामले में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह का कहना है कि आरोपित जादू अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने यह हत्या क्यों की।